इस मामले में बीते 18 मई को रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रत्तोपुर निवासी राजकुमार सिंह उर्फ राज को हरिद्वार से लौटते समय मुजफ्परनगर के टोल के पास से सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। राज की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी गोलू व सहयोगी ज्ञानेंद्र सिंह मोनू की तलाश कर रही थी।
सरकारी अधिवक्ता संजीव सिंह ने बताया कि सीबीआई ने गोलू उर्फ टाइगर को बांसडीह रोड पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड भी प्राप्त कर लिया गया।
नियमानुसार उसे निर्धारित समय के भीतर कोलकाता की अदालत में पेश किया जाएगा। गोलू उर्फ टाइगर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सहयोगी एवं दिवंगत पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए असलहा व कार खरीदारी में भूमिका निभाने का आरोप है। सीबीआई को जांच के दौरान मिले इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है और मामले में कई राज्यों में छापेमारी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई चल रही है। गोलू उर्फ टाइगर की गिरफ्तारी को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों और आरोपियों के संबंध में जानकारी मिल सकती है।