बाँसडीहरोड। थाना क्षेत्र के डुमरी गांव मे शुक्रवार की रात बिना पूछे नाव ले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के दौरान एक वृद्ध को लाठी डंडे से पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया।
बताया गया कि डुमरी गांव के समीप सुरहा ताल में बृहस्पतिवार को एक युवक दूसरे पक्ष की नाव लेकर पशुओं का चारा काटने के लिए ताल में चला गया। जिसके बाद दोनों पक्ष में कहासुनी होने के बाद हाथापाई शुरू हो गई। लेकिन आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर मामलों को शांत करा दिया। शुक्रवार को दोनों पक्ष फिर एक बार आमने सामने हो गए। जिसमें एक पक्ष के तेज बहादुर बिंद (60) गम्भीर रूप से घायल हो गए। जबकि त्रिपुरारी (18)चुटहिल हो गया। आसपास को लोगो द्वारा घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान वृद्ध की देर रात मौत हो गई। मृतक के भतीजे सत्य प्रकाश के तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बाबत उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप ने बताया कि मृतक के भतीजे की तहरीर पर मारपीट को लेकर एनसीआर लिखा गया था। मेडिकल रिपोर्ट आने पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।