नगर के टीडी कालेज में इंटर की अंग्रेजी विषय का पेपर देकर निकलते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में बोर्ड परीक्षा का महासमर बुधवार को समाप्त हो गया। निरस्त हुई इंटर अंग्रेजी की परीक्षा सभी पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर हुई। बोर्ड परीक्षा अबकी पेपर लीक होने और नकल के कारण विवादों में रहा। नकल मुक्त परीक्षा कराने के प्रशासन के सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए। बुधवार को इंटर अंग्रेेजी की परीक्षा में पंजीकृत 60143 के सापेक्ष 49362 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 10781 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 24 मार्च से हुई। इस वर्ष बोर्ड की परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 75171 और इंटरमीडिएट में 64754 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों के करीब 22 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें इंटरमीडिएट के 10781 छात्र रहे। नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर माध्यमिक शिक्षा व जिला प्रशासन की ओर से चाक चौबंद इंतजाम किए जाने का दावा किया गया। लेकिन जैसे-जैसे परीक्षा आगे बढ़ती गई नकलमाफिया हावी होते गए। कहीं डुप्लीकेट कापियां बेची गई तो कहीं परीक्षा से पहले ही बाजारों में हल कापियां बेची जाने लगी। इतना ही नहीं हौसला बुलंद नकलमाफियाओं ने इंटरमीडिएट अंग्रेजी का पेपर तो परीक्षा से एक दिन पहले ही लीक कर दिया। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से माकूल इंतजाम नहीं किए गए और दो दिनों पहले मनियर क्षेत्र में इंटर मीडिएट रसायन विज्ञान का पेपर परीक्षा केंद्र से व्हाट्सअप से बाहर भेज कर हल कराकर मंगाया जाता रहा और केंद्र पर नकल कराया जाता रहा।