नगर पंचायत कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को लेकर नगर में जगह-जगह होर्डिंग, बैनर लगाए गए थे। जिसमें सपा मुखिया मुलायम सिंह, सीएम अखिलेश यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और आजम खान की फोटो लगी थी। लेकिन सोमवार की देर रात कुछ बैनरों से प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का फोटो गायब हो गया।
मंगलवार की सुबह जब कस्बा के लोगों की नजर बैनर पर पड़ी तो जहां शिवपाल यादव की फोटो लगी थी, वह स्थान कटा हुआ था या उस स्थान पर सफेद पट्टी लगी हुई थी। पूछे जाने पर द्वाबा विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। वहीं दूसरी ओर बैनर से शिवपाल यादव की फोटो गायब होने को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चा है, लोग इसे शिवपाल और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच इन दिनों चल रहे घमासान से जोड़कर देख रहे हैं।
चौक-चौराहों से लेकर चाय की दूकान तथा आज कार्यक्रम स्थल पर भी बैनर से शिवपाल यादव की अचानक पोस्टर गायब होने को लेकर कयासबाजी होती रही। हालांकि पार्टी के पदाधिकारी इस बारे में कुछ भी कहने से बचते नजर आए।