रसड़ा। क्षेत्र के बस्तौरा गांव में प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर मनरेगा से एक ही सड़क पर बिना कार्य कराए ही एक ही वर्ष में दूसरी बार धन आहरण करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री समेत जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार को शिकायती पत्र देकर जांच करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि तत्काल जांच कर कार्रवाई नहीं की गी तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बस्तौरा गांव में अमीरचंद के खेत से अबुल मियां के खेत के पूर्वी छोर तक चकबंध कार्य पिछले वर्ष जुलाई-अगस्त में ही 1.90 लाख से कराया गया था। उसी आईडी पर पुन: बिना काम कराए ही इस सत्र के जुलाई-अगस्त में फर्जी तरीके से 1.45 लाख रुपया निकालने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों ही बार धन आहरण किए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव लालचंद राम थे। प्रेम राजभर, शिवलखन राम, श्रीचरण, लालू आदि ने शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों से की है। खंड विकास अधिकारी प्रवीणजीत ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। गलत पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी।