बिजली की समस्या से जूझ रहे जिले के लोगों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस चितबड़ागांव में 132 केवीए के सब स्टेशन तैयार होने के बाद इसमें लगे दो बड़े ट्रांसफार्मर दस दिनों से चार्ज हो रहे हैं। सब स्टेशन का कार्य भी अंतिम दौर में है। संभावना यह है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इसका उद्घाटन भी कर सकते हैं। इसके चालू होने से जिले के आधे हिस्से में लोगों को बिजली समस्या से निजात मिल सकती है।
पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के प्रयास से चितबड़ागांव में तैयार हो चुका 132 केवीए का सब स्टेशन चालू होने के इंतजार में जनता उत्सुक है। खास बात यह है कि इस सब स्टेशन से बलिया शहर को भी जोड़ा जाएगा। यदि कटारा से बलिया शहर में आने वाली लाइन में कोई दिक्कत होती है तो चितबड़ागांव से सप्लाई कर शहर की बिजली को चालू रखा जा सकता है।
सब स्टेशन बनने के बाद दस दिन पहले रसड़ा से लाइन जोड़ने के बाद दो बड़े ट्रांसफार्मरों को अभी चार्ज किया जा रहा है। वहीं सब स्टेशन में थोड़ा बहुत मामूली कार्य चल रहा है, जो अंतिम दौर में है। इस सब स्टेशन को अस्कादा सिस्टम से लैस किया गया है। पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड व्यवस्था है। यह जिले में 132 केवीए का पहला सब स्टेशन से जो पूरा कार्य कंप्यूटर के माध्यम से ही संचालित किया जाएगा। इसके बाद 33/11 का तीन उपकेंद्र प्रस्तावित है। जिसके मंजूरी मिलने के बाद उसे भी बनाया जाएगा। जिसे बिजली गड़बड़ी के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार होगा। लोगों को पर्याप्त बिजली मिलने लगेगी।