बहराइच। जरवलरोड चीनीमिल के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक में भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। जबकि सहयोगी घायल हो गया। घायल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर चालक को हिरासत में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत आईपीएल चीनीमिल के यार्ड के निकट रविवार शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कैसरगंज के दनवल गांव निवासी विनोद कुमार (35) पुत्र जगदीश और सहयोगी चेतराम (45) पुत्र बाबूलाल घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां पर दोनों की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में चेतराम की मौत हो गई। इससे लोग नाराज हो गए।
बजरंग दल गो रक्षक इकाई के कार्यकर्ता अमर शुक्ला की अगुवाई में लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने हंगामा शुरू कर दिया। शव और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस को हटाने से मना करने लगे। काफी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने लोगों को समझाया। इसके बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।