बहराइच में जिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती बुखार से पीड़ित बच्चे।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मेडिकल कॉलेज के जनरल वार्ड में एक बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। वहीं रविवार को पीआईसीयू में भी एक बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। बेड की कमी के चलते दिक्कतें हो रही हैं। वहीं मरीजों की संख्या अधिक है।
गर्मी अपने अंतिम समय पर चल रही है। लेकिन अभी भी दिन में तेज धूप उमस और गर्मी का एहसास कराती है। बदल रहे मौसम के बीच लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिससे मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में संसाधन कम पड़ते जा रहे हैं। रविवार को अवकाश के दिन भी 60 मासूम रोगियों की ओपीडी की गई। इनमें छह रोगियों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
वहीं संसाधन के अभाव में बाल रोग विभाग के पीआईसीयू में एक बेड पर दो-दो मासूम रोगी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। ऐसे में एक-दूसरे में इंफेक्शन फैलने की संभावना बढ़ गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा कर रहा है। सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय ने बताया कि सभी बेड फुल हैं। हरसंभव व्यवस्था करके लोगों का इलाज किया जा रहा है।