बिछिया रेलवे स्टेशन पर रेल बस की यात्रा करने जाते पर्यटक।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। दुधवा नेशनल पार्क व कतर्नियाघाट की प्राकृतिक छटा का आनंद लेने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटकों का दल घूमने के लिए पहुंचता है। यहां के बाघ, तेंदुए, जंगली हाथी, गैंडा, जलीय जीव व देशी-विदेशी पक्षी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। वहीं इन दिनों दुधवा व कतर्निया में पर्यटकों को लुभाने के लिए चलाई जा रही रेलबस विशेष आकर्षण का केंद्र बन गयी है। रेलबस का लुत्फ उठाने के लिए रविवार को दिल्ली, शाहजहांपुर व पलियाकलां से भारी तादाद में पर्यटक पहुंचे।
दो माह पूर्व मीटर गेज लाइन पर चलने वाली बहुप्रतीक्षित रेलबस का रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बाकायदा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये वर्चुअल उद्घाटन किया था। पर्यटकों की कमी के चलते कुछ दिन बाद रेलबस से एसी चेयर कार हटा दिया गया था। एक माह बाद रेलवे ने दोबारा रेलबस शुरू कर दी, जो अब पर्यटकों की पहली पसंद बन गई है।
रविवार वीकेंड पर शाहजहांपुर से 16, दिल्ली से 18 व पलिया कलां से 15 पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक करवाकर रेलबस का आनंद लेने पहुंचे। बढ़ते पर्यटकों की संख्या से रेल प्रशासन खुश है। हालांकि बिछिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने व छूटने के बीच में पर्याप्त समय न मिलने से पर्यटकों में निराशा है। वहीं कई पर्यटक रेलबस को नानपारा तक चलाने की मांग कर रहे हैं।