शहरी व ग्रामीण अंचलों में तैयारियां पूरी
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को धूमधाम से मनाने के लिए शहरी व ग्रामीण अंचलों में तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। पूरे दिन बाजार में गहमागहमी रही। जगह-जगह झांकियाें को संवारने सजाने का भी कार्य अंतिम चरण में रहा।
नगर के पुलिस लाइंस स्थित मंदिर में साफ-सफाई व सजावट का काम लगभग पूरा हो गया है। प्रतिसार निरीक्षक ने बताया कि परंपरागत तरीके से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। मंदिर में सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। जिले के सभी थानों में स्थित मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
उधर के शहर फायर स्टेशन रोड पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल के आवास पर प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भव्य झांकी सजाई जाएगी। रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम में भी साफ-सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा हो गया है।
सियामोड़ संवाददाता के अनुसार रिसिया के इंदिरानगर में हनुमान मंदिर व दुर्गा शिव मंदिर, ऋषि भूमि में हनुमान शिव मंदिर, शास्त्री नगर में संतोषी मंदिर व बाबा कुट्टी, सरस्वती नगर स्थित रिसिया थाने में रामजानकी मंदिर आदि स्थानों पर भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा नानपारा, पयागपुर, कैसरगंज, जरवलरोड आदि में विभिन्न स्थानों पर परंपरागत तरीके से भव्य झांकियां सजाई जा रही हैं।
पयागपुर में भी होंगे कार्यक्रम
पयागपुर (बहराइच)। श्रीकृष्णजन्माष्टमी के लिए क्षेत्र मंदिरों में जोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं। भूपगंज बाजार स्थित पंचायती मंदिर में झांकियाें की सजावट हो रही है। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्णभक्ति गीत व भजन का कार्यक्रम भी होगा।