उर्रा (बहराइच)। बालू के अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम ने सीओ के साथ मधवापुर, सेमरहना, शायपुर में छापा मारा। इस दौरान सेमरहना गांव में बालू खनन में लगी तीन ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ कर थाने लाया गया। वहीं एसडीएम और सीओ के जाने के बाद मौके पर फिर से जेसीबी लगाकर अवैध खनन शुरू कर दिया गया है।
मुर्तिहा कोतवाली और मोतीपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन किया जा रहा है। इसकी सूचना मिलने पर शनिवार रात को उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, सीओ कमलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सेमरहना गांव पहुंचे। यहां पर बालू के अवैध खनन में लगी तीन ट्रैक्टर ट्रॉली अधिकारियों ने पकड़ी, लेकिन मौके से लोग फरार हो गए। इस पर ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर पुलिसकर्मी थाने लआए। इसके बाद शायपुर में भी एसडीएम और सीओ ने छापा मारा, लेकिन यहां पर अवैध खनन करने वाले लोग फरार हो गए।
उधर मुर्तिहा कोतवाली के परसीपुरवा, मधवपुर, अमृतपुर पुरैना में हो रहे अवैध बालू खनन स्थल पर भी एसडीएम ने छापा मारा। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही खनन में लगे लोगों को इसकी जानकारी हो गई। इस पर सभी मौके से लोग फरार हो गए। अधिकारियों के जाते ही सभी ने जेसीबी से फिर खनन शुरू कर दिया है। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। थानाध्यक्ष जेएन शुक्ला का कहना है कि बालू खनन अधिकारी का मोबाइल बंद है। खनन अधिकारी की तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर ट्रॉली सीज कर कार्रवाई की जाएगी।