ट्रैक्टर ट्राली से टकराई बोलेरो।
- फोटो : amar ujala
बहराइच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की रात हुए हादसों में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। मौत की सूचना से मृतकों के परिजनो में कोहराम मच गया है।
सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शुकुलपुरवा निवासी अवधराम के बेटी का विवाह बौंडी थाना क्षेत्र के राजा बौंडी निवासी युवक के साथ तय हुआ था। शनिवार को तिलक थी और अवधराम तिलक लेकर राजा बौंडी आए थे। जहां से वापस लौटते समय तिलक में शामिल एक बोलेरो बहराइच-सीतापुर हाइवे हरदी थाना क्षेत्र के गदामार के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई।
हादसे में मुरली (40), बद्रीनाथ (38) बेचेलाल (44), कुवारे (36), उत्तम कुमार (38), वाहन चालक मनीष कुमार (35), श्रवण कुमार ( 7), शोभित (8), संजय (8) व विकास कुमार (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर आई हरदी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा निवासी मुरली (40) की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बेचेलाल को चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। शव का पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक मुरली के भाई स्वामीदयाल ने बताया कि इलाज के दौरान बेचेलाल ने भी ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दोनो वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर से महिला की मौत, बेटी व भाई घायल
जरवलरोड़ थाना क्षेत्र के महेरी निवासी संगीता(42) बीते दिनों बेटी महक(14) के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए भाई के घर हुजूरपुर गई थी। जहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शनिवार को वह भाई उमेश सिंह के बेटी महक का सीटी स्कैन करवाने के लिए बहराइच आई थी। जहां से वापस लौटते समय बहराइच -हुजूरपुर मार्ग पर रानीपुर थाना क्षेत्र के भानपुर धुसवा के पास तीनो सड़क किनारे खड़े थे।
इस दौरान गुजरे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संगीता, महक व उमेश को स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां संगीता की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। संगीता के भाई बृजेश सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान रविवार की सुबह संगीता की मौत हो गई। इससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।