बहराइच। नानी के घर आई बच्ची का अपहरण होने के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस बच्ची की तलाश नहीं कर सकी है। बच्ची के न मिलने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारीजनों को बच्ची के न मिलने से अनहोनी की आशंका है। बच्ची को ढूंढने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है। बावजूद कोई ऐसा सुराग नहीं लगा है कि पुलिस बच्ची के परिजनों को कोई ठोस आश्वासन दे सके।
रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को ढाई वर्षीय मासूम बच्ची अपने परिवार के साथ नानी के घर आई थी। परिवारीजनों के मुताबिक शाम को खेत से बच्ची संदिग्ध हालात में गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग न लगा तो परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर परिवारीजनों को जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्ची के बारें में कोई जानकारी न मिलने पर परिवारीजनों का बुरा हाल है। रामगांव थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि बच्ची की तलाश की जा रही है। महसी सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि टीमें लगी हुई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा।