विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के 24 घंटे पूर्व इंडो-नेपाल सीमा सीज होगी। नेपाल की ओर से नेपाल सीमा प्रहरी व भारत की ओर से पीएसी व पैरामिलेट्री के जवान सीमा की निगरानी करेंगे। मतदान केंद्रों पर पैरामिलेट्री फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही पहली बार सभी बूथों पर चार पोस्टर लगाए जाएंगे। इसमें प्रत्याशियों का नाम, क्रम संख्या सहित कई अन्य जानकारियां अंकित होगी। यह जानकारी शनिवार को डीएम नितीश कुमार व एसपी दीपक कु़मार भट्ट ने दी है।
जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए कुल 64 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इनमें भिनगा में 29 व श्रावस्ती क्षेत्र में 35 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दोनों क्षेत्रों में पांच पांच जोनल मजिस्ट्रेट व पांच सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिले में कुल 3934 दिव्यांग मतदाता हैं। इनके लिए सभी मतदान केंद्रों पर रैंप की व्यवस्था की गई है। नेपाल की ओर से आने वाले 11 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। इन्हें 24 घंटे पहले सीज कर दिया जाएगा। इसके साथ ही गैर जनपद से जुड़ने वाले छह रास्तों को भी बैरियर लगाकर सीज किया जाएगा। जिले के 735 बूथों में से 96 बूथों को एकल बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है।
इन बूथों में पीएसी, पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। यहां भी स्टिल फोटोग्राफी कराई जाएगी। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 127 अतिसंवेदनशील बूथ चिह्नित किए गए हैं। इसके साथ ही 89 मॉडल बूथ व 75 बूथों को वेबकास्टिंग के लिए चुना गया है।
65 बूथों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात होंगे। विधानसभा चुनाव के दौरान 22 कंपनी केंद्रीय पैरामिलेट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। इनमें से आठ सीआईएसएस, छह एसएसबी, तीन आरपीएसएफ व पांच कंपनी तलिमनाडु सशस्त्र पुलिस बल की हैं। इसके साथ ही गैर जनपद से 119 उपनिरीक्षक, 105 हेडकांस्टेबिल, 1635 कांस्टेबिल, 1300 होमगार्ड व एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है।
भिनगा विधानसभा क्षेत्र में कुल 357511 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें से पुरुष 193427, महिलाएं 164028 व अन्य 11 शामिल हैं। जबकि श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र में 380642 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से पुरुष 203788 व महिलाएं 176849 व अन्य पांच शामिल हैं।