पटपरगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए आजम खां ने भाजपा पर कई तीखे शब्द बाण छोड़े। इस दौरान उन्होंने नोटबंदी से लेकर गधे शब्द पर हो रही राजनीति की चर्चा की।
जमुनहा के पटपरगंज मैदान में शनिवार को पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए आजम खां ने कहा कि मोदी जी, गधा कह दिया तो बुरा मान गए। यूपी का गधा गधा ही रहेगा। इसमें बुरा मानने की क्या बात है।
नोटबंदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पैसा हमारा, बैंक हमारा फिर हमें लाइन में क्यों लगाया। लाइन में लगकर दो सौ लोगों की मौत हो गई, जिसके लिए जनता मोदी को माफ नहीं करेगी। अमित शाह जिन्हें कसाब याद आते हैं। शाह अगर आप रहमत के फरिश्ते नहीं बन सकते तो रहमत की बात करो।
अमित शाह कहते हैं कि हम धर्म व जाति देखकर लैपटॉप देते हैं। हमारे हाथ में पंचर जोड़ने की मशीन है। आप बताओ कि आप को कितने लैपटॉप चाहिए। हम मस्जिद की सीढ़ियों पर भीख मांग कर उतने लैपटॉप आपको देंगे। हिंदुस्तान का बादशाह ऐसा व्यक्ति है, जो कहता है मैं तुममें से हूं। मैं चाय बेचता हूं। खुद को फकीर कहने वाले बादशाह ने दो साल में अस्सी करोड़ के कपड़े पहने।
आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 वर्षों से आरएसएस ने एक-दूसरे को लड़ाया। हमें बदनाम किया गया है। अगर मैं बुरा हूं तो मुझे देशद्रोही होना चाहिए। मेरी वफादारी के प्रमाण बहुत हैं। मेरे शरीर में रिश्वत का खून हो तो वह सूकर का खून हो। मुस्लिमों को आगाह करते हुए कहा कि मुलायम सिंह किसी मुसलमान का नाम नहीं है। 30 अक्टूबर 1990 को हक की लड़ाई में उन्होंने तुम्हारी मसजिद बचाने के लिए गोली चलवाई थी। पिछले दिनों हमें सूकर तक कहा गया। गोरखपुर के महंत व साक्षी महराज ने कहा। आ
ज कब्रिस्तान व श्मशान का जिक्र पीएम मोदी करते हैं तो हमारा दिल रोता है। उन्हें किसानों की बात करनी चाहिए थी। हां, श्मशान आप ने बनाए हैं, यह गुजरात का दंगा जानता है। मायावती ने सौ कंडीडेट इसलिए खड़े किए हैं कि तुम मुसलमान बर्बाद हो जाओ। नए जिले बनाए गए थे। एक जिला तुम्हारे बड़ों के नाम से बनाया हो तो बताओ। अकबरपुर के नाम को भी खत्म कर दिया।