बहराइच। विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामांकन स्थल को अभेद सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। जिले में मंगलवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन से पहले कलेक्ट्रेट को पूरी तरीके से बैरीकेड कर दिया गया है। चारों ओर बैरियर भी लगाया गया है। बैरियर पर भारी पुलिस बल की तैनाती रहेगी। नामांकन केे दौरान हर परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। वहीं डीएम ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा है।
जिले में पांचवें चरण में मतदान होगा। जनपद में सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन की प्रक्रिया एक फरवरी से शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र प्राप्त करने से लेकर अभ्यर्थिता वापस लेने तक की कार्यवाही संपन्न कराने के लिए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार नामांकन स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है। सातों विधानसभा क्षेत्र के लिए सात स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था का भी व्यापक इंतजाम किया गया है। कलेक्ट्रेट गेट से ही बैरिकेडिंग की गई है। डीएम चौराहे से लेकर किसान पीजी कॉलेज व नामांकन स्थल पर भारी फोर्स तैनात रहेगी। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई भी की जाएगी। तैयारियों की हकीकत जानने के लिए रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र व नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय के साथ नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कराये जाने वाले बैरीकेडिंग कार्य का जायजा लिया और नामांकन स्थलों, वीडियो अवलोकन टीम कक्ष, सी. विजिल, एमसीएमसी व शिकायत प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधानसभावार तैनात रहेंगे आरओ
विधानसभा आरओ की तैनाती (एसडीएम )
बलहा ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी
नानपारा अजीत परेस
मटेरा सुभाष सिंह धामी
बहराइच सदर सौरभ गंगवार
महसी रामदास
कैसरगंज महेश कुमार कैथल
पयागपुर दिनेश कुमार
तैनात फोर्स पर एक नजर -
एएसपी - एक
सीओ - तीन
थानाध्यक्ष - 17
एसआई - 24
सिपाही - 78
महिला सिपाही - 86
पीएससी - एक कंपनी