महसी के महाराजगंज में पीडब्लयूडी विभाग की नोटिस मिलने के बाद स्वयं से अपनी दुकानों का सामान निक
शनिवार को हिंसा प्रभावित महराजगंज में दिखा बुलडोजर का भय 60 मीटर चौड़ी होगी सड़क, सुगम होगा आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
महसी (बहराइच)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान 13 अक्तूबर को महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में हुई हिंसा के बाद मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद सहित 23 लोगों के घरों पर शुक्रवार देर शाम ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया गया था। रात जैसे-तैसे बीती। शनिवार सुबह लोगों ने अपने हाथों से ही घर व दुकान तोड़नी शुरू कर दी। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महसी-सीतापुर मुख्य मार्ग चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
रामगोपाल के गांव की नाकाबंदी
पुलिस व प्रशासन ने हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा के गांव की नाकाबंदी कर दी है। शनिवार सुबह से सोतिया मोड़ व खर्चहा चौराहे पर बैरीकेडिंग कर दी गई। गांव में मीडियाकर्मियों के जाने पर भी रोक लगा दी गई है। आने-जाने वालों का आधार कार्ड चेक किया जा रहा है।
दोहरी मार झेल रहा महराजगंज
महराजगंज कस्बे में शनिवार को मौजूद चंदपइया के पूर्व प्रधान ने कहा कि हम सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं। घर खाली करने के लिए कई महीने पहले लाल निशान लगाया गया था। मकान तोड़ने का नोटिस चस्पा नहीं किया गया। अब हिंसा के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। यहां हिंसा से पहले ही हम परेशान थे। अब कार्रवाई के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
शासन के निर्देशों का सभी करें पालन
सराफा कारोबारी भोलू सोनार शनिवार को स्वयं लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित करते नजर आए। उन्होंने कहा कि शासन के आदेश का हम पालन कर रहे हैं। शासन को थोड़ी मोहलत देनी चाहिए, जिससे लोगों को अधिक परेशानी न उठानी पड़े।
डीजे पर लगनी चाहिए रोक
पूर्व प्रधान मोहम्मद शकील उर्फ बबलू ने कहा कि बात चाहे हिंदू त्योहार हो या मुस्लिम की, जुलूस में डीजे पर पूरी तरह रोक लगा देनी चाहिए। यदि डीजे पर रोक लग गई होती तो महराजगंज की हिंसा नहीं होती।
इन लोगों के घरों पर चिपकाया नोटिस
फारुख, अकरम, ननकऊ, मून, पप्पू, अब्दुल हमीद, मोहम्मद शरीफ, जावेद, समीउल्ला, हाजी शमीम, सईद अहमद, डॉ. फैशल, मोहम्मद हुसैन, अय्यूब, निजाम, नसीम, हाजी भोलूू, राजू खां, शमशुद्दीन, नजर मोहम्मद, अली अहमद, राजा, हाजी मेराज को नोटिस दिया गया।
मुख्य आरोपी के घर से खाली हो रही दुकान
हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर के बाहर दुकानें बनी हैं। उसमें एक मेडिकल की दुकान भी थी, जिसको शनिवार को खाली करना शुरू किया गया। उसके घर के सामने बनी मस्जिद की दुकानों से भी अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
...तो चपेट में आएगा पूरा कस्बा
महराजगंज में रोड चौड़ीकरण के लिए लोकनिर्माण विभाग ने 60 मीटर के अगल-बगल वाले दुकानदारों व मकानमालिकों को नोटिस दिया है। पूरे कस्बे के ज्यादातर घर इस दायरे में आ रहे हैं। ऐसे में कस्बे में कार्रवाई हुई तो सैकड़ों मकान व दुकान इसकी जद में आएंगे।
कुंडासर-महसी-नानपारा मार्ग पर महराजगंज के किमी-38 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्व में की गई थी। अतिक्रमण के कारण लोक निर्माण विभाग ने रोड सेफ्टी के तहत नियमित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया है। इससे चौराहे पर यातायात सुगम होगा। प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग