मोतीपुर तहसील क्षेत्र में खराब दाल मिलने पर नाराजगी जताती समूह की महिलाएं।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित लाभार्थियों को दाल वितरित करने के लिए समूह की महिलाओं को दिया गया। लेकिन दाल खराब व बदबूदार निकल गया। जिससे लाभार्थियों ने लेने से इंकार कर दिया। समूह की महिलाओं ने जान बूझकर खराब दाल देने का आरोप अधिकारियों पर लगाया। सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी से शिकायत की।
आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित बच्चों को दाल व अन्य ड्राई फूट वितरण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं को दिया गया है। इसके तहत समूह की महिलाओं को दाल वितरित करने के लिए दिया गया। मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम चहलवा के आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरण के लिए भेजा गया। रविवार को केंद्र पर कार्यकर्ता सुनीता चौधरी, विद्यावती तथा एनआरएलएम की ओर से संचालित शंकर स्वयं सहायता विजय नगर की समूह सखी बंता देवी, रंभा देवी पहुंची।
सभी महिलाओं को राशन दाल और तेल वितरित करने लगी। इसी दौरान बोरी से निकालते समय देखा कि दाल का पैकेट पूरी तरह से खराब हो गया है। अंदर से बदबू आ रहा था। दाल के खराब पैकेट को लाभार्थियों ने लेने से इंकार कर दिया। पूर्ति विभाग की ओर से दिए गए खराब दाल को लेकर महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि पूर्ति निरीक्षक द्वारा खराब दाल दिया गया है। सभी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।