शहर के सूफीपुरा मोहल्ला में किराए पर रहने वाले एक सफाई कर्मी ने पत्नी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के पिता ने दामाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद से सफाई कर्मी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खैरीघाट क्षेत्र में ग्राम बरुही निवासी बांकेलाल ने नानपारा में रहने वाली उमा उर्फ गौरी (35) से कोर्ट मैरिज की थी। बांकेलाल पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है। वह कुछ दिन पहले पत्नी के साथ शहर के मोहल्ला सूफीपुरा में किराए पर कमरा लेकर रहने लगा था। उसके चार बच्चे हैं।
पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था। उमा ने कई बार विवाद के बारे में मायके वालों को बताया। शनिवार रात मामूली विवाद के बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव घर में फंदे से लटकाकर फरार हो गया। बच्चों ने आस पड़ोस के लोगों को सूचना दी तब सुबह जानकारी हुई।
पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मृतका का पिता बहराइच पहुंचा और दामाद को नामजद करते हुए कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया कि मृतका के पिता रमजान ने बेटी की हत्या की तहरीर दी जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है।