दहेज न मिलने पर ससुराल वालों ने गर्भवती को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। सूचना पर पिता बेटी के ससुराल पहुंचे। उसे बेटी के शरीर पर चोटों के निशान मिले। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बौंडी थाना अंतर्गत हेमनापुर गांव निवासी संगीता देवी (22) का विवाह साल भर पूर्व रामकिशुन के साथ हुआ था। शादी के तीन माह तो हंसीखुशी गुजरे। लेकिन इसके बाद 50 हजार रुपये नकदी और सोने की चेन की डिमांड ससुराल की तरफ से होने लगी। इसकी जानकारी संगीता ने अपने मायके फखरपुर के मझारा तौकली में दी।
लेकिन परिवार के लोगों की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे बेटी के ससुरालीजनों की डिमांड पूरी कर सके। बेटी को उत्पीड़न से निजात दिलाने के लिए पिता सत्यनरायन ने दो बार उसके ससुराल पहुंचकर दामाद और समधी से कुछ दिनों की मोहलत मांगी। लेकिन संगीता का उत्पीड़न थमा नहीं। सत्यनरायन ने बताया कि सोमवार की रात पति, सास और ससुर ने लाठी-डंडों से बेटी संगीता को मारापीटा।
संगीता ने मोबाइल से इसकी सूचना दी। लेकिन जब तक सत्यनरायन परिवार के साथ बेटी के ससुराल पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सत्यनरायन ने बताया कि बेटी के शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान थे। ससुराल पहुंचने पर परिवार के लोगों ने बताया कि करंट लगने से उसकी मौत हुई है।
लेकिन चोटों के निशान से पता चल रहा था कि उसे लाठियों से पीटा गया है। बेटी को तीन माह का गर्भ भी था। रात में ही सत्यनरायन ने घटना की सूचना थाने पर दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल के लोग फरार हो गए।
छापेमारी शुरू, आरोपी फरार
उप निरीक्षक रामचंदर ने गांव पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति रामकिशुन, सास ननकई, ससुर बहादुर को नामजद कर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।