नानपारा/चित्तौरा। नानपारा-नेपालगंज मार्ग पर हांड़ा चौराहे के पास सोमवार देर रात भाई की बारात में जा रहे पूर्व बीडीसी की बाइक को पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
पूर्व बीडीसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर ही सवार उसका रिश्तेदार घायल हो गया। इसी रात अन्य दो स्थानों पर भी सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत चिलवरिया बाजार निवासी बैजनाथ के बेटे विशाल की बारात सोमवार को नेपाल के बांके जिले के लिए रवाना हुई। बैजनाथ का बड़ा बेटा व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश मौर्या (40) ने बाइक से वैवाहिक समारोह में पहुंचने की बात कही।
वह देर शाम अपने रिश्तेदार विनोद मौर्या (35) पुत्र शिवप्रसाद मौर्या निवासी फैजाबाद को बाइक पर बैठाकर नेपाल के लिए रवाना हुआ। बाइक सवार दोनों युवक जब कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत नानपारा-नेपालगंज मार्ग पर हांड़ा चौराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने कट मार दिया। महेश की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
सिर में चोट लगने से महेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि विनोद को लहूलुहान हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दूल्हे के भाई की मौत की खबर जब चिलवरिया और बांके पहुंची तो कोहराम मच गया। जैसे-तैसे विवाह की रस्म अदा की गई।
उधर, इस घटना के कुछ देर बाद अवधूत गांव के निकट नवाबगंज इलाके में कार की टक्कर से रामनगर सेमरा निवासी इतवारी लाल लहूलुहान हो गए। उन्हें थानाध्यक्ष नवाबगंज ने सीएचसी में भर्ती कराया।
जबकि कोतवाली नानपारा अंतर्गत चीनीमिल के निकट फुलवरिया गांव निवासी मोबीन (35) पुत्र आबिद को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। उसे भी सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।