जिला महिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में भर्ती प्रसूता को शुक्रवार देर रात तेज दर्द होने लगा। उसका पति इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर को बुलाने गया तो चिकित्सक ने देखने के लिए शुल्क लिया। वार्ड में पहुंचने पर पति को पानी लाने भेज दिया। फिर प्रसूता से छेड़छाड़ करते हुए अश्लीलता शुरू कर दी। पति लौटा तो डॉक्टर की हरकत देख सकते में आ गया।
विरोध करने पर चिकित्सक ने महिला के पति की पिटाई कर दी, जिससे हंगामे की स्थिति बन गई। लोग मौके पर पहुंचे तो चिकित्सक ने उन्हें धमकी दी। इस दौरान वीडियो बना रहे लोगों का मोबाइल छीनने की कोशिश की। रात दो बजे तक हंगामा चला। इस मामले में डीएम के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीड़िता के पति की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ मारपीट, धमकी, छेड़छाड़ और घूस लेने का केस दर्ज किया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी गर्भवती महिला को शुक्रवार को परिवारीजनों ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां पर ऑपरेशन के द्वारा महिला ने बेटी को जन्म दिया। रात करीब नौ बजे महिला को असहनीय पीड़ा शुरू हुई।
इस पर महिला के पति ने अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचकर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आरके मिश्रा से चलकर पत्नी को देखने की गुहार लगाई। महिला के पति का कहना है कि चिकित्सक नशे में था। उसने जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद 200 रुपये की मांग की। पति ने 200 रुपये दिए तो चिकित्सक प्राइवेट वार्ड नंबर सात में भर्ती महिला को देखने पहुंचा। इस दौरान डॉक्टरों ने प्यास लगने की बात कहकर पानी लाने के लिए महिला के पति को वार्ड से बाहर भेज दिया।
पति का कहना है कि जब वह पानी लेकर लौट रहा था, तभी पत्नी की चीख सुनाई दी। वह दौड़कर मौके पर पहुंचा तो चिकित्सक पत्नी से छेड़छाड़ करते हुए अश्लीलता कर रहा था। विरोध करने पर चिकित्सक ने पति की पिटाई कर दी। शोर सुनकर वार्ड इंडोर सेक्शन में भर्ती मरीजों के तीमारदार मौके पर पहुंच गए।
अस्पताल के बाहर मौजूद महिला के पति के मित्र भी आ गए। हंगामे की स्थिति बन गई तो चिकित्सक ने जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद अभिषेक और गौरव का मोबाइल छीनकर अपशब्दों का प्रयोग किया। रात दो बजे तक हंगामे की स्थिति रही। सूचना पाकर एसपी सिटी कमलेश दीक्षित, सीओ सिटी व कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को काबू में किया।
घटना के मामले में रात में ही पीड़ित पक्ष कोतवाली में केस दर्ज कराने पहुंचा तो वहां मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि डॉक्टर की भी अप्लीकेशन मंगा लो तब केस दर्ज होगा। इस मामले से डीएम को अवगत कराया गया। डीएम के हस्तक्षेप के बाद शनिवार को दोपहर बाद पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर चिकित्सक के खिलाफ मारपीट, धमकी, छेड़छाड़ और घूस लेने का केस दर्ज किया।
जिला महिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरके मिश्रा से जब रात में ही उनका पक्ष जाना गया तो उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का रिश्तेदार हूं। मेरा कुछ नहीं कर पाओगे। हालांकि इसके बाद चिकित्सक ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें महिला के पति पर अभद्रता करने, सरकारी काम में व्यवधान डालने, जानमाल की धमकी देने आदि के आरोप लगाए हैं। हालांकि अभी चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है।
सीएमओ डॉ. अरुण पांडेय ने कहा कि रात में महिला अस्पताल में हुई घटना की जानकारी मिली है। महिला के पति द्वारा चिकित्सक पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। मामले की जांच चल रही है। डॉक्टर के भी बयान दर्ज किए गए हैं। पीड़ित पक्ष का भी बयान लेंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।