रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी व पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान गुरुवार को नेपाल सीमा पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से तस्करी की सवा दो क्विंटल कालीमिर्च बरामद हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर कस्टम रुपईडीहा के सुपुर्द कर दिया गया है।
सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के उप कमांडेंट शैलेश कुमार ने बताया कि एसएसबी के इंस्पेक्टर अरुन कुमार व रुपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र की अगुवाई में जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। तभी नेपाल से दो तस्कर आते हुए दिखाई दिए। जिनको रोककर तलाशी ली गई।
इनके कब्जे से 80 हजार रुपये कीमत की दो क्विंटल 28 किलो कालीमिर्च बरामद हुई। पकड़े गए तस्करों की पहचान रुपईडीहा के मक्कनपुर लक्ष्मनपुर निवासी पवन तिवारी और बहराइच के दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत सलारपुर निवासी सलमान के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर कस्टम रुपईडीहा के सुपुर्द कर दिया गया है।