करंट से दो युवकों की मौत
कैसरगंज व विशेश्वरगंज में हादसा
कैसरगंज/विशेश्वरगंज। ग्रामीण अंचलों में उलझे विद्युत तार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहे हैं। कैसरगंज व विशेश्वरगंज क्षेत्र में तार में उलझकर दो युवकों को मंगलवार को जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। दोनों घरों में कोहराम मचा हुआ है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत गोड़ियनपुरवा गांव निवासी धनीराम (28) पुत्र श्यामलाल मंगलवार सुबह खेत की देखभाल करने के लिए घर से निकला था। जब वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचा, तभी खंभे के पास उलझे विद्युत तार की चपेट में आ गया। चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े, लेकिन तब तक उसकी झुलसकर मौत हो गई। सूचना पाकर गंडारा चौकी प्रभारी रामसजीवन निषाद ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत नेठिया के मजरा भगीरथपुरवा निवासी रामकेवल (48) पुत्र छविलाल मंगलवार सुबह खेत की रखवाली करने गया था। जब वह रामखेलावनपुरवा निवासी माधवराज के खेत की मेड़ से गुजर रहा था। तभी टूटकर गिरे विद्युत केबल में उलझकर करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही रामकेवल की भी मौत हो गई। काफी देर बाद घर के लोगों को पता चला तो कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर उप जिलाधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक राजकुमार गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा के बाद ग्रामीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।