बहराइच। अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा करने वाले भूमाफिया के खिलाफ जिला प्रशासन की नजर टेढ़ी हो गई है। जिला प्रशासन ने भूमाफिया का चिह्नीकरण करना शुरू कर दिया है। जल्द ही भूमाफिया के अवैध कब्जे पर जिला प्रशासन का बुलडोजर चलेगा। पुलिस दो लोगों के चिह्नीकरण के बाद उनकी कुंडली तैयार करने में जुटी हुई है।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा निवासी मतीन तस्करी कर गलत तरीके से लखनऊ में मकान बनवा रखा था। बहराइच पुलिस की रिपोर्ट के बाद रविवार को तस्कर के दो घरों पर बुलडोजर चला और घर धराशाई हो गए। मतीन के ऊपर हुई कार्रवाई के बाद जिला व पुलिस प्रशासन ने भूमाफिया के चिह्नीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध कब्जा करके मकान का निर्माण करवाने वाले लोगों पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा। पुलिस भी अन्य गैंगेस्टरों की कुंडली खंगालने में जुटी हुई है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि गैंगेस्टर अपराधियों के बारे में पूरी जानकारी करें और ब्यौरा एकत्र करें। एसपी ने गलत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जद में है दो से तीन भूमाफिया
गलत कार्य करके कमाएं गए पैसे से कराए गए मकान निर्माण के बारे में जानकारियां एकत्र की जा रही है। जिले में दो से तीन ऐसे लोग है। जो जद में हैं। अन्य गैंगेस्टरों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। गलत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। -केशव चौधरी, एसपी बहराइच