बहराइच। शहर के गुलामअलीपुरा मोहल्ले में पतंग लूटते समय बालक दो मंजिला छत से नीचे गिर गया। इलाज के दौरान लखनऊ में बालक ने दम तोड़ दिया। बालक की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। परिवारीजन ने बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।
दरगाह थाना क्षेत्र के गुलामअलीपुरा मोहल्ला निवासी विशाल विशाल गुप्ता का पुत्र परमजीत गुप्ता (7) रविवार की शाम अपनी छत पर मौजूद था। तभी कहीं से पतंग कटकर आई। बताया जाता है कि बालक पतंग को लूटने के चक्कर में छत पर भागने लगा। तभी अचानक वह छत से सीधे नीचे जमीन पर गिर गया।
बालक के गिरते ही घर के लोग बाहर निकले और आननफानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बालक को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर रविवार की देर रात बालक की मौत हो गई। परिवारीजनों ने सोमवार को बालक का अंतिम संस्कार कर दिया। बालक की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।