रुपईडीहा (बहराइच)। पड़ोसी देश नेपाल में इन दिनों पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। नेपाल में भारतीय मुद्रा के हिसाब से 112 रुपये प्रति लीटर पर पेट्रोल मिल रहा है। इसके चलते भारत-नेपाल बॉर्डर पर स्थित रुपईडीहा के पेट्रोल पंपों पर नेपाली वाहनों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। नतीजा यह है कि रुपईडीहा कस्बा के स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। उन्हें पेट्रोल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इस समय रुपईडीहा में पेट्रोल करीब 97 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
वहीं, नेपाल में कीमत नेपाली मुद्रा में 178 रुपये प्रति लीटर (112 भारतीय रुपये) हो गई है। इस वजह से नेपाल के सीमावर्ती जिला बांके व अन्य जगहों के नेपाली नागरिक पेट्रोल के लिए रुपईडीहा का रुख कर रहे हैं। नेपाली मोटरसाइकिलों की भीड़ अधिक होने के कारण स्थानीय उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। उनका कहना है कि रुपईडीहा के बंद पड़े पेट्रोल पंपों का संचालन भी शुरू करवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।