बहराइच। पारा परशरामपुर गांव निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने जरवलरोड थाने की पुलिस से मिलीभगत कर उसे जबरन घर से निकाल दिया है। महिला ने अपने बच्चों संग पहुंचकर एसपी व डीएम को पत्र सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
सुमन ने पत्र में बताया कि उसके वृद्ध पति से सैय्यद आबिद व सैय्यद कासिम अपने फार्म हाउस पर बंधुआ मजदूरी करा रहे थे। बीमार होने की वजह से उनसे अब काम नहीं हो पा रहा है। इसके बावजूद आबिद व कासिम कार्य करने का दबाव बना रहे हैं। 14 जून को आबिद, कासिम अपने साथी सैय्यद हुसैन व थाने के एसआई पंकज सिंह के साथ रात 11 बजे आ धमके और मारपीट करते हुए घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि सभी ने घर की टिन गिराकर सामान बाहर फेंक दिया और एसआई के सामने ही जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का कहना है कि उसके छोटे बच्चे हैं। वृद्ध पति भी बीमार है। ऐसे में बेघर होने के बाद कहां जाएं। महिला ने एसपी व डीएम से जांच कराकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।