बहराइच। कानपुर व प्रयागराज समेत अन्य जिलों में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धर्मगुरुओं के साथ कई बार बैठक कर शांति की अपील की जा चुकी है। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को पूरा जिला छावनी में तब्दील रहेगा। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी जवानों के साथ भारी संख्या में फोर्स भी तैनात रहेगी।
डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी केशव चौधरी ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक में अपील की है कि शांतिपूर्ण ढंग से जुमे की नमाज अदा कर लोग अपने घर चले जाएं। किसी के बहकावे में बिल्कुल न आएं। एसपी ने कहा कि शरारती तत्वों पर नजर रखें। उन्हें चिन्हित कर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने वालों पर निगाह रखी जा रही है। एसपी ने बताया कि जुमे की नमाज के मौके पर शुक्रवार को दो कंपनी पीएसी के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने भी नानपारा, हरदी, बौंडी व नवाबगंज समेत अन्य जगहों पर शांति समिति की बैठक की। अपील की कि शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदाकर भाईचारे की मिसाल पेश करें।