खैरीघाट (बहराइच)। पठानपुरवा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। महिला का शव फंदे से लटकता मिला। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
खैरीघाट थानाक्षेत्र के रामपुर धोबियाहार गांव निवासी जमील अहमद ने अपनी 22 वर्षीय बेटी सूफिया का विवाह दो साल पहले पठानपुरवा गांव निवासी अशरफ हुसैन के पुत्र फिदा हुसैन के साथ किया था। विवाहिता के पिता का आरोप है कि शुक्रवार को पड़ोसियों से सूचना मिली कि बेटी का शव फंदे से लटक रहा है। सूचना पर वह मौके पर पहुंच गये और पुलिस को सूचना दी। विवाहिता के ससुरालीजन मौके से फरार हो गये। पिता ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। खैरीघाट थानाध्यक्ष निखिल श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।