बहराइच। शहर के एक युवक को समुदाय विशेष के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जेल भेज दिया। पुलिस ने सभी से अपील की है कि कोई ऐसी टिप्पणी न करें जिससे किसी को ठेस पहुंचे और माहौल खराब होे।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला काजीपुरा निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर विशेष समुदाय के खिलाफ ट्वीट कर दिया। युवक ने ट्वीट को अपने स्टेटस पर भी लगा रखा था। आपत्तिजनक टिप्पणी की जानकारी किसी ने एसपी को दे दी। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेकर नगर कोतवाल शैलेश सिंह को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाल ने तत्काल वशीरगंज चौकी इंचार्ज कमलशंकर चतुर्वेेदी को आरोपी की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। चौकी इंचार्ज ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी केशव चौधरी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक पोस्ट न डालें।