बहराइच। दुधवा नेशनल पार्क के कतर्नियाघाट-बेलरायां रेंज की सीमा पर शौच करने गये युवक को बाघ ने मार डाला। युवक का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया थाना क्षेत्र के दुमेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय महेश शनिवार की दोपहर जंगल के किनारे शौच करने गये थे।
बताया जाता है कि जंगल से बाघ निकल आया और युवक पर हमला कर दिया। जब तक युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ते तब तक युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर कोतवाली तिकुनिया, रेंज बेलरायां व कतर्नियाघाट रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। लखीमपुर की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बहराइच के कतर्नियाघाट डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि कतर्नियाघाट रेंज से एक किलोमीटर दूर लखीमपुर जिले में घटना हुई है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगल की ओर न जाएं।