कैसरगंज (बहराइच)। कैसरगंज सांसद व अखिल भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने एक बार फिर एलान किया है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे को अयोध्या में नहीं घुसने देंगे। उन्होंने कहा कि एक नहीं सौ बार कहा है, राज ठाकरे को नहीं घुसने दूंगा। अयोध्या सांसद लल्लू सिंह के स्वागत वाले बयान पर वह मीडिया पर बिफर पड़े। कहा कि मीडिया वालों ने मुंह से निकलवा लिया होगा। लल्लू सिंह हमारे बड़े भाई है। जो मैं चाहता हूं वही वह भी चाहते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में यूपी वालों के लिए कार्यालय खुलवाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।
कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह बुधवार को स्थानीय ठा. हुकुम सिंह इंटर कॉलेज में एक सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से रूबरू हुए। पत्रकारों ने जब उनसे प्रश्न किया कि अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह राज ठाकरे का स्वागत करने के लिए कह रहे हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि मीडिया वालों मुंह से इस तरह का बयान निकलवा लिया होगा। लल्लू सिंह हमारे बड़े भाई हैं वह वही चाहते हैं जो मैं चाहता हूं। उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फणनवीस के बयान पर कहा कि उनके पास मेरा नंबर हैं उन्हें जो कहना है मुझसे कह लेंगे। बातचीत के दौरान बृजभूषण उग्र दिखे।
उन्होंने कहा कि राज ठाकरे भगवान श्रीराम के वंशजों को क्या जानें। पूरा भारत चाहे वह ब्राह्मण हों, क्षत्रिय हों, वैश्य हों, दलित अथवा मुसलमान सभी भगवान श्रीराम के ही वंशज हैं। उन्होंने कहा कि किसी को शक करने की जरूरत नहीं है। राज ठाकरे अयोध्या में नहीं घुस पाएंगे। इस दौरान विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी कुं अरुणवीर सिंह व ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।