बहराइच। गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए अब सरकारी क्रय केंद्र के प्रभारी गांव-गांव जाकर किसानों से गेहूं खरीद करेंगे। गेहूं खरीद के लिए केंद्र प्रभारी उक्त गांवों के कोटेदार व ग्राम प्रधान से संपर्क करेंगे और एक ट्रक या उससे अधिक गेहूं मिलने की दशा में गांव जाकर किसानों के घरों से गेहूं की तौल करेंगे। इसको लेकर जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिया है।
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं की खरीद के लिए इस बार जिले में 160 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं और शासन की ओर से निर्धारित 2015 रुपए के हिसाब से गेहूं की तौल की जा रही है, लेकिन खरीद शुरू होने के पहले से ही मंडी में गेहूं का भाव ज्यादा होने से किसान सरकारी क्रय केंद्रों का रुख नहीं कर रहे हैं। इस कारण खरीद के 18 दिन बीत जाने के बाद भी सरकारी क्रय केंद्रों पर 59 किसानों से मात्र 3030 क्विंटल गेहूं खरीद ही हो सकी है जबकि जिले को 1 लाख 16 हजार मीट्रिन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसे देखते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को गांवों में जाकर खरीद करने का निर्देश जारी किया है ताकि खरीद समाप्त होने तक हर हाल में खरीद लक्ष्य पूरा किया जा सके।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि केंद्र प्रभारियों को कोटेदार व ग्राम प्रधान से संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में एक ट्रक या उससे अधिक गेहूं खरीद की संभावना दिखेगी वहां केंद्र प्रभारी को जाकर खरीद करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मंडी सचिव से बात की गई तो उन्होंने मंडी में 2030 से लेकर 2100 रुपये तक गेहूं खरीद होने की बात कही गई।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह ने मंगलवार को फखरपुर व तेजवापुर ब्लॉक के गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी क्रय केंद्र खुले मिले और केंद्र प्रभारी मौजूद मिले, लेकिन किसी भी क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए किसान नजर नहीं आए। उन्होंने बताया कि केंद्र प्रभारियों ने अवगत करवाया कि किसान मंडी का भाव ज्यादा होने से बिक्री के लिए नहीं आ रहे हैं और केंद्रों पर सन्नाटा रहता है।