बहराइच। जिले में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होती नजर आ रही है। तीन दिन में चार हत्या हो चुकी हैं। चौथी हत्या रविवार को हुई। उधर, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है। वहीं, जिम्मेदारी का निर्र्वहन न कर पाने वाले थानाध्यक्षों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पयागपुर थाना क्षेत्र में ही 24 घंटे के अंदर तीन हत्याएं हो चुकी हैं।
रविवार को पयागपुर थाने से लगभग चार सौ मीटर की दूरी पर बुजुर्ग महिला की दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के बस स्टॉप निवासी 60 वर्षीय शोभा देवी लइया बेचकर परिवार का पालन पोषण करती थी। पड़ोसी से पानी छिड़कने को लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था। आरोप है कि विवाद से तंग आकर पड़ोसी दबंग रविवार की रात लाठी-डंडों से लैस होकर बुजुर्ग के घर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौच का विरोध करने पर दबंगों ने उसे पीट दिया। बुजुर्ग महिला को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने इलाज के बहराइच रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पयागपुर थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पयागपुर थाना क्षेत्र के चंदवापुर गांव निवासी 48 वर्षीय श्याम मनोहर का भतीजा शनिवार की रात पत्नी से गाली-गलौच कर रहा था। इस पर श्याम मनोहर ने रोका तो गुस्सा भतीजे ने फावड़े से हमला कर दिया। बचाने दौड़ी 41 वर्षीय पत्नी श्यामा देवी पर भी हमला कर दिया। दोनों की मौत हो गई थी।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के मरौठी गांव निवासी दुर्गेश जायसवाल ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी शिल्पी की शुक्रवार को गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। पुलिस के पास रटारटाया जवाब है कि टीमें गठित कर दी हैं। वहीं, मामले में एसपी केशव चौधरी ने बताया कि थानाध्यक्षों को अपराध रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम थानाध्यक्षों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।