खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र अंतर्गत नकहा गांव में नहर के किनारे स्थित देवी मंदिर की दीवार ध्वस्त किए जाने से ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों ने मंदिर की दीवार गिराने का विरोध करते हुए सोमवार को इमामगंज चौराहे पर मार्ग जामकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस कर्मियों के समझाने पर भी ग्रामीण विरोध-प्रदर्शन करते रहे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने मामले की जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया तो ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया।
नकहा गांव में नहर किनारे स्थित देवी मंदिर की दीवार रविवार को सिंचाई विभाग के अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने एसडीओ व पुलिस बल की उपस्थिति में गिरवा दी थी। इस पर ग्रामीण आक्रोशित थे। इसे लेकर ग्रामीणों ने सोमवार सुबह 11 बजे इमामगंज चौराहे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्का जाम होने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। चौराहे के सभी मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी महसी जयप्रकाश त्रिपाठी व थानाध्यक्ष खैरीघाट राजकुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर चक्का जाम करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारी लगातार मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। नायब तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।