बहराइच। शौच करने जा रहे युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। तेंदुए के हमले के बाद वन विभाग की टीम ने गांव में गश्त बढ़ा दी है। डीएफओ ने अपील की कि ग्रामीण जंगल में न जाएं।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज के ग्राम चहलवा निषाद नगर निवासी 18 वर्षीय सुग्रीव पुत्र रामराज बुधवार की सुबह शौच के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि कुछ दूरी पर ही पहुंचे थे तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक ने शोर मचाया तो आसपास के लोग हांका लगाते हुए दौड़े। ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ युवक को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल युवक को पीएचसी सुजौली में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने मोतीपुर सीएचसी रेफर कर दिया। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। सभी ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगल में बिल्कुल न जाएं।