बहराइच। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने जमकर नोटा का बटन दबाया। यही कारण रहा कि नोटा भी वोट के मामले में कहीं कांग्रेस, भाकपा व आप समेत अन्य छोटे दल तो कहीं निर्दलीयों को पछाड़ता नजर आया।
इस बार चुनाव में मतदाताओं की ओर से कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे थे। ऐसे में कयास लगाया जा रहा था कि इस बार मतदाताओं की ओर से जमकर नोटा का बटन दबाया जाएगा। गुरुवार को जब मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ तो नोटा ने भी अपना कमाल दिखाना शुरू कर दिया। हालात यह रहे कि नानपारा में नोटा ने 2403 वोट के साथ कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी व आप को पछाड़ दिया। इस सीट पर कांग्रेस को 2150, कम्युनिस्ट पार्टी को 2382 और आम आदमी पार्टी को 664 मत मिले। इसी तरह नोटा ने महसी, कैसरगंज व बलहा सीट पर भी कई दलों को पछाड़ दिया। नोटा का कमाल बहराइच, पयागपुर व मटेरा में भी दिखाई दिया। इन सीटों पर भी नोटा ने कई छोटे दलों व निर्दलीयों को पीछे छोड़ दिया।