बहराइच के सात विधानसभा सीटों पर गुरुवार (10 मार्च) को वोटों की गिनती समाप्त हो चुकी है। बलहा, नानपारा, मटेरा, महसी, बहराइच, पयागपुर और कैसरगंज सीटों पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। सात सीटों पर कुल 72 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। सात में चार सीटों पर भाजपा और तीन सीटों पर अखिलेश यादव की पार्टी सपा को जीत मिली।
किस सीट पर कौन जीता-कौन हारा:
बहराइच: इस सीट से समाजवादी पार्टी के यासर शाह पहले 2700 वोटों से आगे चल रहे थे। बाद में भाजपा की अनुपमा जायसवाल ने शानदार वापसी की और 4078 वोटों से यासर को हरा दिया।
बलहा: इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की सरोज सोनकर ने जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अक्षयवर नाथ कनौजिया को 16573 मतों से हराया।
कैसरगंज: यहां से समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। उसके उम्मीदवार आनंद कुमार ने भाजपा के गौरव वर्मा को 7711 वोटों से हरा दिया।
नानपारा: इस सीट पर समाजवादी पार्टी को हार मिली है। अपना दल (सोनेलाल) पार्टी के रामनिवास वर्मा ने जीत हासिल की है। उन्होंने सपा की माधुरी वर्मा 12184 वोटों से हराया।
महसी: यहां से समाजवादी पार्टी के कृष्णा कुमार ओझा को हार मिली है। भाजपा के सुरेश्वर सिंह ने 42684 वोटों से भारी जीत हासिल की है।
मटेरा: भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। सपा की मारिया को इस सीट पर जबरदस्त जीत मिली है। उन्होंने भाजपा के अरुण वीर सिंह को 10428 से हराया।
पयागपुर: भारतीय जनता पार्टी के सुभाष त्रिपाठी को यहां जीत मिली है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुकेश श्रीवास्तव को हराया। सुभाष त्रिपाठी को 12056 वोटों से जीत हासिल हुई।