बहराइच। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर ईवीएम की रखवाली के लिए सपाइयों का हुजूम मंगलवार रात गल्लामंडी की ओर उमड़ पड़ा। गुस्साए सपा कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों की संख्या में गल्लामंडी परिसर में पहुंचकर मतगणना स्थल पर आवागमन के लिए बनाए गए चारों गेटों की निगरानी शुरू कर दी। सपाइयों ने पूरी रात जागकर निगरानी की।
वाराणसी में ईवीएम बदलने के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर भारी संख्या में सपाई गल्लामंडी परिसर के पास बने स्ट्रांग रूम पर पहुंचे और निगरानी शुरू कर दी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव की अगुवाई में सपा के जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल मन्नान, नगर अध्यक्ष नदीमुलहक तन्नू व जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता समेत सैकड़ों की संख्या में सपाइयों का हुजूम गल्लामंडी परिसर के आसपास एकत्रित हो गया।
सपा के जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने बताया कि मतगणना स्थल पर चार गेटों से आवागमन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से बनाई गई है। प्रत्येक गेट के सामने 10-10 की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं की टोली को लगाया गया है। वहीं, सपा के जिला कार्यालय पर पार्टी के जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कई टिप्स सुझाए गए।