बहराइच। रुस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन मे फंसे जिले के मेडिकल छात्रों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को तीन छात्र सकुशल घर वापस पहुंचे। हालांकि, अब भी यूक्रेन में जिले के 12 मेडिकल छात्र फंसे हुए हैं। इनके परिजन छात्रों की घर वापसी के लिए आशा भरी नजरों से भारत सरकार की ओर देख रहे हैं। वहीं, घर पहुंचे छात्रों का उनके परिजनों ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। परिजनों की आंखें नम हो गईं। कुशलक्षेम जानने के लिए प्रशासनिक अमला भी छात्रों के घर पहुंचा और आपबीती सुनी। जो छात्र अभी यूक्रेन में फंसे हैं, प्रशासनिक जिम्मेदारों ने उनके परिजनों को बच्चों की लोकेशन आदि की जानकारी दी।
कैसरगंज तहसील की ग्राम पंचायत सपसा निवासी मेडिकल छात्र शिवेंद्र सिंह, पयागपर तहसील के मझौव्वा बनकट निवासी छात्र मोहम्मद वसी व तहसील सदर के मोहल्ला अकबरपुरा नई बस्ती निवासी छात्र मोहम्मद आमिर वहीद यूक्रेन से सकुशल घर वापस आ गए हैं। छात्रों की सकुशल घर वापसी से उनके घरों में खुशी का माहौल है। एसडीएम सदर सौरभ गंगवार ने छात्र मोहम्मद आमिर वहीद, कैसरगंज के एसडीएम महेश कुमार कैथल ने छात्र शिवेंद्र सिंह व पयागपुर एसडीएम दिनेश कुमार ने छात्र मोहम्मद वसी से मुुुुलाकात की और यूक्रेेेेेेेन के हालात पर चर्चा की। छात्रों व उनके परिजनों ने छात्रों के रेस्क्यू के लिए संचालित ऑपरेशन गंगा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारत सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की। साथ ही शेष बचे 12 छात्रों की सकुशल घर वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि यूक्रेन में फंसे जिले के विद्यार्थियों व अन्य लोगों के परिजन जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के ई-मेल डीडीएमएबहराइच एट जीमेल डॉट काम, एडीएम के मोबाइल नंबर 9454417606, मुख्य राजस्व अधिकारी के नंबर 9454416032, आपदा लिपिक के नंबर 9984500713 व आपदा विशेषज्ञ सुनील कुमार कनौजिया के व्हाट्सएप नंबर 9453167805 और दूरभाष नंबर 05252-230132 पर जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। जिले के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को उनके क्षेत्र के छात्रों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करने व हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजनों की हरसंभव मदद करने के लिए जिला प्रशासन तत्पर है।