बहराइच। शाम चार बजकर 10 मिनट पर आसमान में हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट गूंजी तो पयागपुर का शिवदहा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। मंच पर चढ़ने के बाद माइक पकड़ते ही मोदी ने भारत माता की जय के नारे से भाषण शुरू किया। लगभग 45 मिनट के भाषण में पीएम ने राष्ट्रवाद व परिवारवाद को केंद्र में रखा। पीएम अपने संबोधन में विपक्षियों का नाम लेने से बचते रहे। वह घोर परिवारवादियों शब्द के सहारे ही विपक्ष पर निशाना साधकर चले गए। खास बात यह रही कि पीएम ने एक बार भी कांग्रेस व बसपा का नाम नहीं लिया। वह बिना नाम के ही सपा पर हमलावर रहे। इशारों के हमले में भी कांग्रेस व बसपा गायब रही।
पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के शिवदहा मोड़ के पास प्रत्याशियों के समर्थन में पीएम नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करने से पहले ही पीएम ने देर से पहुंचने पर जनता से हाथ जोड़कर कहा कि मैं आप सबसे क्षमा चाहता हूं। पीएम के मुंह से यह शब्द निकलते ही जय श्रीराम के नारे लगने लगे। मैदान में उमड़ी भीड़ को देखकर पीएम काफी गदगद दिखाई दिए। पीएम की जनसभा चार बजकर 22 मिनट पर शुरू हुई और पांच बजकर सात मिनट पर खत्म हुई। संबोधन के दौरान पीएम बिना विपक्षियों का नाम लिए ही हमलावर रहे। 45 मिनट के भाषण में पीएम ने कई बार घोर परिवारवादियों शब्द का प्रयोग किया। पीएम के भाषण में बसपा का नाम सुनाई नहीं दिया। पीएम के निशाने पर सबसे ज्यादा सपा रही। सपा का नाम लेने के बजाय घोर परिवारवादियों शब्द का प्रयोग कर पीएम निशाना साधते रहे। संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 45 मिनट के भाषण में सिर्फ एक बार समाजवाद शब्द का प्रयोग किया। उसके बाद वह बिना नाम लिए ही सपा पर हमलावर रहे। वह बार-बार हमला कर जनता को सपा से दूर रहने का संदेश देते रहे। मैदान में उमड़ी भीड़ ने पीएम के चेहरे की रौनक बढ़ा दी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रवाद की बात को भी बड़ी ही बेबाकी से रखा। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रवाद की परिभाषा बताकर जनता को विपक्षियों से दूर रहने का संदेश दिया। पीएम का संबोधन सुनकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।
मंच पर सीएम योगी आदित्यानाथ, कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बहराइच सांसद अक्षयवरलाल गोंड, सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, जिलाध्यक्ष बहराइच श्यामकरन टेकड़ीवाल, गोंडा के अमरनाथ कश्यप, श्रावस्ती के महेश मिश्रा, रैली प्रभारी भानु महाजन, जिला प्रभारी नीरज सिंह व गोंडा, बहराइच व श्रावस्ती जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष और रैली प्रभारी व 13 प्रत्याशी मौजूद रहे।