बहराइच। विकास भवन सभागार में मास्टर ट्रेनर्स के लिए पुन: प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्राप्त होने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान करने व आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षकों द्वारा मतदान कार्मिकों को ईवीएम संचालन में पूर्णरूपेण दक्ष किये जाने संबंधी सुझावों को बताया गया।
मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का मुख्य स्तंभ स्वतंत्र, निष्पक्ष और तटस्थ निर्वाचन है। निर्वाचन कार्य में लगे हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिससे भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप मतदान की प्रक्रिया को संपन्न हो सके। डीएम ने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि पूरे मनोयोग से ट्रेनिंग प्राप्त करें। ट्रेनिंग के दौरान यदि कोई बात समझ में नहीं आती है उसे बार-बार पूछने और समझने में झिझक न करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को टीम भावना के साथ संपन्न कराया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान डीएम ने मास्टर ट्रेनर्स से बैलेट एवं कंट्रोल यूनिट के बारे में जानकारी प्राप्त की और यह भी पूछा कि इनमें कितने प्रकार के एरर आ सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स की दक्षता परखने के लिए सवाल-जवाब कर आवश्यक सुझाव भी दिया गया। इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि टीपी शाही, प्रशिक्षु पीसीएस अमन देओल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व मास्टर ट्रेनर्स मौजूद रहे।