पयागपुर (बहराइच)। पचदेवरा गांव निवासी किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पयागपुर थानाक्षेत्र के पचदेवरा गांव निवासी 15 वर्षीय किशोर मोहित शुक्ला पुत्र ओम प्रकाश बृहस्पतिवार की दोपहर खेत गया था।
काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो परिजन ढूंढने के लिए खेत गए तो देखा कि वह बेहोशी की हालत में पड़ा था। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे जहां किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए ले जा रहे थे तभी पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर पयागपुर थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्र दलबल के साथ पहुंचे व शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।