बिछिया (बहराइच)। कतर्निया गांव में क्रिकेट खेल रहे युवक को जंगल से निकले हाथी ने दबोच लिया और उठाकर पटक दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत कतर्निया गांव निवासी 25 वर्षीय अनीस पुत्र नूर साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था तभी अचानक जंगल से हाथी निकल आया और युवक पर हमला बोल दिया।
जंगली हाथी के उठाकर पटकने पर युवक के सिर व कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। आनन-फानन में लोग युवक को गेरुआ नदी पार बिछिया के निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी राम कुमार की टीम ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोतीपुर मे भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।