खैरीघाट(बहराइच)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरिया के चौगुर्जी में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर पर धावा बोल दिया। चोरी के दौरान सो रहे गृहस्वामी के अचानक उठते ही चोरों ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। घायल अवस्था में गृह स्वामी को इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर में भर्ती कराया गया जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज, बहराइच रेफर कर दिया। मंगलवार रात चौगुर्जी निवासी रक्षाराम यादव अपने घर पर खाना खाकर सो रहे थे। देर रात उन्हें घर में खटपट की आवाज सुनाई दी तो वह उठ गए। इस दौरान उन्हें पता चला कि घर में चोर घुसे हुए हैं। उन्होंने परिजनों को जगाया। घरवालों के जागने की आहट पाकर चोर भागने लगे।
चोरों को भागता देख रक्षाराम ने शोर मचाया और चोरों का पीछाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख चोरों की टोली में से एक ने असलहे से फायर झोंक दिया जिससे रक्षाराम का पुत्र सुनील घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन सुनील को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिवपुर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज, बहराइच रेफर कर दिया। सुनील के पैर में छर्रे लगे हैं। घायल युवक के भाई वीरेंद्र कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ खैरीघाट थाने में तहरीर दी है। उधर, इस घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। सुनील की हालत गंभीर होने के कारण गांव वाले दुखी हैं। प्रभारी निरीक्षक, थाना खैरीघाट राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला दर्जकर पड़ताल की जा रही है।