बहराइच। बलरामपुर में प्रधानमंत्री व जिले में सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने दो टूक में कहा कि प्रधानमंत्री के बलरामपुर में कार्यक्रम के दौरान बलरामपुर जाने वाली जनता को यातायात की कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 दिसंबर को बलरामपुर के कार्यक्रम व नौ दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोपिया बैराज के निरीक्षण कार्यक्रम के लिए तैयारी चल रही है। इसकी समीक्षा के लिए जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि बलरामपुर के लिए आवागमन की सुविधा के दृष्टिगत जनपद में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद में परिवहन, यातायात व्यवस्था, आकस्मिक चिकित्सा व एंबुलेंस इत्यादि बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जल शक्ति मंत्री ने निर्देश दिया कि आमजन को आवागमन में असुविधा न होने पाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ के गोपिया बैराज के प्रस्तावित दौरे की तैयारी के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर एसपी सुजाता सिंह, सीडीओ कविता मीना, एडीएम मनोज, एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय, एसडीएम सदर सौरभ गंगवार, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।