बहराइच। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को वंशवाद का ट्रस्ट बताया जबकि सपा को गुंडों की पार्टी बताया। बीजेपी अध्यक्ष बहराइच के मटेरा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी इस बार भी बहुमत से सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों का बखान किया। उन्होंने कहा कि हम केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास, राष्ट्रवाद और ईमानदार नेतृत्व के नाम पर चुनाव लड़ेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ट्रस्ट है। कांग्रेस वंशवाद की पार्टी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह जिन्ना का नाम लेकर हिंदू-मुस्लिम को लड़ना चाहते हैं जबकि मोदी व योगी के शासन में सभी वर्गों के लोग आपस में नहीं बल्कि गरीबी से लड़ेंगे। सपा शासन में सरकार को गुंडे चलाते थे।
सपा के शासनकाल में व्यापारी, महिलाएं व अन्य कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं था। सपा सरकार में हमारी बहन-बेटियां रात में निकलने से घबराती थीं, लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है तब से बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। देर रात काम खत्म कर सुरक्षित अपने घर भी पहुंच रही हैं। पहले सैफई के लोग लखनऊ में नौकरी में वसूली के लिए झोला लेकर घूमते थे, लेकिन अब नौकरी में किसी को वसूली का अधिकार नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्यामकरण टेकड़ीवाल ने की। संचालन उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने किया। इस मौके पर सांसद अक्षवरलाल गोंड, बलहा विधायक सरोज सोनकर, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, सदर बहराइच विधायक अनुपमा जायसवाल, जिला प्रभारी नीरज सिंह, संगठन महामंत्री नन्हेलाल लोधी, डॉ. आनंद गौड़, ब्लॉक प्रमुख विजय वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद पद्मसेन चौधरी, रामकिशोर गुप्ता व मनीष गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।