बहराइच। साहब! अब रात में ठंड होने लगा है। कंबल न मिलने से रात ठंड में गुजारनी पड़ती है। जिला अस्पताल वालों से कंबल मांगा था, उसके बावजूद नहीं मिला। मरीज के मुंह से यह बात सुनकर औचक निरीक्षण करने गए डीएम खफा हो गए। उन्होंने तत्काल सीएमएस को कंबल वितरित कराने के निर्देश दिए। रैन बसेरे के निरीक्षण में खिड़की का शीशा भी टूटा मिला। यह देख डीएम नाराज हुए और तत्काल व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम के निरीक्षण से अस्पताल में हड़कंप मचा रहा।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को परखने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बृहस्पतिवार देर रात औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम वार्ड नंबर एक में पहुंचे तो वहां पर सर्द हवाओं के बीच रात काट रहे मरीजों से कंबल वितरण की जानकारी ली। जिस पर कुछ मरीजों ने कंबल मांगने के बावजूद भी अस्पताल प्रशासन द्वारा न दिए जाने की बात कही। डीएम ने तत्काल सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय को कंबल वितरित कराने के निर्देश दिए। उसके बाद वार्ड नंबर दो में डीएम ने मरीजों से खाने व नाश्ते की हकीकत को जाना। मरीजों से वार्ता करने के बाद डीएम रैन बसेरा पहुंचे। जहां पर खिड़की का शीशा टूटा देख डीएम ने सीएमएस को जल्द से जल्द सही कराने के निर्देश दिए। डीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल में हड़कंप मचा रहा।
डीएम के साथ औचक निरीक्षण में मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने रैन बसेरे में मौजूद रजिस्टर को चेक किया। सीएमएस से रैन बसेरे में आने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली। सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि रैन बसेरे में रूकने वाले किसी को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया हूं। निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों ने कंबल न मिलने की बात कही है और कुछ न स्वयं लेने से मना किया है। ऐसे में मरीजों को कोई समस्या न हो, इसके लिए सीएमएस को निर्देश दिया गया है। रैन बसेरे में सीसीटीवी व तख्त की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए है। वार्ड निरीक्षण के दौरान नाश्ता न मिलने की शिकायत मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. दिनेश चंद्र, डीएम, बहराइच