कैसरगंज (बहराइच)। दनावल गांव में जमीन के विवाद को लेकर दबंगों ने दिनदहाड़े युवक को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे सीओ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के दनावल गांव निवासी 45 वर्षीय भगवती प्रसाद का गांव के ही कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह लगभग आठ बजे के आसपास चार लोग आए और जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू कर दी। मामला बढ़ा तो मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस पर दबंगों ने लाठी व डंडों से युवक को पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने युवक को तब तक पीटा। जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। गांव में शोर शराबा सुनकर लोग दौड़े तो दबंग भाग गए। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर कैसरगंज सीओ कमलेश सिंह व कोतवाल श्रीधर पाठक दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव में शनिवार सुबह हुई वारदात को अपनी आंखों के सामने देखने वाले ग्रामीण काफी दहशत में है। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्यारोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को इस मामले में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे आगे ऐसी घटना पूरे जिले में दोबारा न हो।
दनावल गांव में हुई घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर ग्रामीणों से वार्ता कर जानकारी लिया हूं। मृतक के बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कमलेश सिंह, सीओ कैसरगंज